जब भी ज़िंदगी की भागदौड़ से कुछ पल चुराकर ख़ुद के लिए जीने का अवसर मिलता है, कदम अनायास ही उन रास्तों की ओर बढ़ जाते हैं, जिन्हें कभी अपनी आँखों में ख़्वाब बनाकर सजाया था।
एक ऐसा मुक़ाम, जिसे हासिल करने की चाहत ने मेरे दिन को इतना व्यस्त और रातों को इतना बेचैन रखा कि वक़्त के गुज़रने का एहसास तक न हुआ। एहसास तो तब होता है, जब नज़र घड़ी की सुइयों पर ठहरती है और ख़ामोशी से गुज़र चुके लम्हों का हिसाब माँगने लगती है।
अजीब दस्तूर है इस ज़िंदगी का…
कुछ पाने की चाह में कितना कुछ पीछे छूट जाता है। कभी मंज़िल क़रीब लगती है, तो कभी ख़्वाबों का सफ़र ही उम्र से लंबा महसूस होने लगता है।
फिर भी दिल हार कहाँ मानता है…
बस ऐसे ही किसी सुकून भरे लम्हे में, हाथों में चाय की प्याली, चेहरे पर हल्की-सी मुस्कान और मन में हज़ारों ख़याल लिए, ख़ुद से मुलाक़ात कर लेता हूँ।
कुछ ख़्वाब पूरे होने की ज़िद में हैं, कुछ अधूरे रहकर भी अज़ीज़ हैं…
कुछ मंज़िलें अभी बाक़ी हैं, कुछ रास्ते अभी पुकारते हैं।
और मैं आज भी उसी जुनून के साथ चल रहा हूँ,
जहाँ मेरी चाहतें मेरी थकान से बड़ी हैं।
क्योंकि शायद ज़िंदगी का असली सुकून मंज़िल पा लेने में नहीं, बल्कि अपने ख़्वाबों के लिए लगातार चलते रहने में है।
एक प्याली चाय… कुछ तन्हाई… और ढेर सारे पूरे-अधूरे ख़्वाब।
 
– गुरु कालरा
नांदेड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!